देशप्रमुख समाचारभारतीय जनता पार्टीमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन - 2023राज्‍य

“आपसे किया हर वादा पूरा होगा, ये मोदी की गारंटी है; हर वर्ग को सशक्त बनाएगा भाजपा का संकल्प पत्र”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़वानी जिले के तलून में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सभा को किया संबोधित

बहनों को मैदान में देखकर उड़ी अन्य पार्टियों की नींद

भगवान बिरसा मुंडा के गांव से होगी बड़ी योजना की शुरुआत

– नरेंद्र मोदी

साथियो, सबसे पहले मैं मध्यप्रदेश भाजपा को बधाई देता हूं। पार्टी ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, वह मध्यप्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला, आत्मनिर्भर और युवाओं, महिलाओं और हर वर्ग को सशक्त बनाने वाला है। भाजपा का संकल्प पत्र आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों, गरीबों को नया संबल देने वाला है। ये आप सभी लोगों को मजबूत जिंदगी देने वाला संकल्प पत्र है। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है कि वह जो कहती है, वो करके दिखाती है। आप मेरे शब्द लिखकर रख लीजिए, आपसे किया गया हर वादा पूरा होगा, ये मोदी की गारंटी है। यह बात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सोमवार को बड़वानी जिले के तलून में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

कांग्रेस ने आदिवासियों को नजर अंदाज किया, भाजपा ने दिया सम्मान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत की आजादी के इतिहास में आदिवासियों के योगदान को बड़वानी और मालवा निमाड़ से बेहतर और कौन जान सकता है। यह भूमि जनजातीय महापुरुष भीमा नायक, खज्या नायक और टंट्या मामा की प्रेरणास्थली है। मैं इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा का जन्म दिवस है। यह गर्व की बात है कि भाजपा सरकार को भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का अवसर मिला। हमारे आदिवासी समाज ने भारत को कैसे सशक्त बनाया, संस्कृति को कैसे संरक्षित और समृद्ध किया, आजादी के आंदोलन में उनका क्या योगदान रहा, जनजातीय गौरव दिवस इसे याद करने का बहुत बड़ा दिन बन गया है। उन्होंने कहा कि यह मेरा एक और सौभाग्य है कि परसों में झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा के गांव जा रहा हूं वहां से पूरे देश के आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है।

खाली तिजौरी भरने मध्यप्रदेश पर कब्जा जमाना चाहती है कांग्रेस

मोदी ने कहा कि यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के चुनाव नहीं हैं। यह चुनाव प्रदेश का उज्जवल भविष्य तय करने वाला चुनाव हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एमपी को अंधेरे कुएं में धकेलने के लिए  जिम्मेदार हैं। भाजपा प्रदेश को अंधकार से बाहर निकाल कर लाई है। श्री मोदी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस है जो सिर्फ और सिर्फ अपनी खाली तिजोरी भरने के लिए मध्यप्रदेश पर अपना कब्जा जमाना चाहती है। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में देखिए कैसे कांग्रेस की काली कमाई के नोटों के ढेर रोजाना निकल रहे हैं।  अगर ये काली कमाई नहीं है, तो गद्दे के नीचे क्यों छुपाते हैं।

मध्यप्रदेश एक स्वर से कह रहा-फिर एक बार, भाजपा सरकार

मोदी ने कहा कि आज भारत को विश्व पटल पर नई बुलंदियां मिली हैं। अमेरिका, जर्मनी, कनाडा, जहां भी जाइये हिंदुस्तान की जय-जयकार हो रही है। भारत की यह जय-जयकार मोदी के कारण नहीं हो रही है, बल्कि आपके एक वोट के कारण हो रही है। आपने अपना वोट देकर मोदी को मजबूत बनाया और देश में एक मजबूत सरकार बनी। आज जब मोदी दुनिया के किसी बड़े-बड़े दिग्गज से हाथ मिलाता है, तो देश के 140 करोड़ लोग मेरे साथ खड़े होते हैं। श्री मोदी ने कहा कि ऐसे में मध्यप्रदेश का भी माथा गर्व से ऊंचा होना चाहिए या नहीं? पूरे देश में मध्यप्रदेश की जय-जयकार होनी चाहिए कि नहीं? आपका एक वोट ये काम कर सकता है। आप मुझे मजबूत बना दीजिए, मध्यप्रदेश मजबूत बन जाएगा।

 

कांग्रेस आई, तबाही लाई

मोदी ने कहा कि आजकल मध्यप्रदेश में एक नारा गूंज रहा है, जो लोगों के दिलों से निकला है, दशकों के अनुभव से निकला है और जो आंखों से देखा है, उससे यह नारा निकला है। यह नारा है- कांग्रेस आई तबाही लाई। मध्यप्रदेश ने तो इसे भोगा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों के अनुभव कहते हैं कि जहां-जहां से कांग्रेस साफ हुई है, वहां से खुशहाली आई है। कांग्रेस ने हिमाचल के किसानों से, वहां की माता-बहनों से, वहां के कर्मचारियों से चांद तारे तोड़कर लाने का वादा किया था। लेकिन आज स्थित यह है कि वहां पेट्रोल, डीजल महंगा कर दिया। किसानों को अपनी सेब की उपज नदियों में बहानी पड़ी। कांग्रेस ने वहां कर्मचारियों और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सभी को धोखा दिया। यही स्थिति देश के समृद्ध राज्यों में से एक कर्नाटक की भी है। कांग्रेस सरकार बनते ही बिजली महंगी कर दी। दूध महंगा कर दिया। इससे सामान्य परिवार, किसान और छोटे बड़े सब परेशान हैं। विकास ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि हमें राजस्थान को तो बचाना ही बचाना है,  एमपी को किसी भी हालत में बर्बादी की तरफ नहीं जाने देना है।

कांग्रेस की बातों और वादों पर देश भरोसा नहीं करता

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की बातों और कांग्रेस के वादों पर आज देश बिल्कुल भरोसा नहीं कर रहा।  इसका कारण है इनका ट्रैक रिकॉर्ड। आजादी के बाद 60 सालों तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक उन्हीं की सरकार चलती थी, उन्हीं का झंडा था लेकिन इस दौरान कांग्रेस ने न आदिवासियों का विकास किया, न उन्हें मान सम्मान दिया। जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो पहली बार मेरे आदिवासी भाई बहनों को वह सम्मान मिलना शुरू हुआ जिसके वह हकदार हैं। क्या यह आदिवासी समाज आजादी के बाद पैदा हुआ है? क्या मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पैदा हुआ है? क्या भगवान राम के समय में हमारा आदिवासी समाज नहीं था? सब को पता है, लेकिन कांग्रेस वालों को पता ही नहीं था। आजादी के बाद देश में आदिवासी समाज के लिए अलग मंत्रालय ही नहीं था, अलग बजट नहीं था, अलग व्यवस्था नहीं थी। देश पर में हमने आदिवासी परिवारों को 8 लाख से अधिक पट्टे दिए हैं, जिनमें से यहां भी हजारों परिवारों को पट्टे मिले हैं। उन्होंने कहा कि यहां पेसा एक्ट का लाभ भी लाखों लोगों को मिला है।

आदिवासियों के हितों को समर्पित है भाजपा सरकार

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय भुखमरी से सबसे ज्यादा मौतों की खबर आदिवासी क्षेत्रों से आती थीं। ऐसे में कोरोना का भयंकर समय आया और हर तरफ मौत मंडरा रही थी, तब मैंने तय किया कि किसी गरीब का चूल्हा बुझने नहीं दूंगा। किसी बच्चे को भूखा सोने नहीं दूंगा और किसी मां को रोना पड़े, ऐसी नौबत नहीं आने दूंगा। हमारी सरकार ने मुफ्त राशन की योजना शुरू की। यह योजना दिसंबर में समाप्त होने जा रही है, लेकिन मेरी आत्मा कहती है, गरीबों को भोजन कराना पुण्य का काम है, इसे बंद नहीं कर सकते। बताइए आप इसे पुण्य का काम मानते हैं कि नहीं मानते हैं? पिछले 3 सालों से गरीब को मुफ्त में अनाज मिल रहा है तो उसका पुण्य मिलेगा कि नहीं मिलेगा? इसका पुण्य आपको मिलेगा क्योंकि आपने एक वोट मोदी को दिया, उसके कारण मोदी गरीबों की यह सेवा कर पा रहा है।

किसानों को छलती रही कांग्रेस

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों के नाम पर सिर्फ अपने लोगों की तिजोरी भरी है। भाजपा ने कपास हो, गेहूं हो, सोयाबीन हो, सभी फसलों का एमएसपी लागत का दो गुना कर दिया है। अब भाजपा सरकार मक्का सहित अन्य मोटे अनाज को बढ़ावा दे रही है। मोटे अनाज को श्री अन्न के नाम से दुनिया भर के बाजारों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां का अदरक आज वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना के तहत देश भर में पहुंच रहा है। बड़वानी के मिर्च किसानों को भी सही दाम और सही सम्मान भाजपा ही दे सकती है।

कार्यकर्ताओं की मेहनत ने उड़ाई कांग्रेसियों की नींद

मोदी जी ने कहा कि चुनाव का दिन अब ज्यादा दूर नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता मेरी ताकत हैं और मैं जानता हूं कि मध्यप्रदेश भाजपा का हर कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर बहुत परिश्रम कर रहा है। मैंने मध्यप्रदेश में काम किया है और यहां के कार्यकर्ताओं की ताकत तथा संगठन की शक्ति को मैं जानता हूं। यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जैसे नेताओं की तपस्या का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेरी बहनें भी हर बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में जब काम कर रही होती हैं, तो मुझे और गर्व होता है। हमारी बहनें जिस प्रकार मेहनत कर रही हैं, उसे देखकर अन्य पार्टियों को ईर्ष्या हो रही है और कांग्रेस की तो नींद ही उड़ गई है। बहनों को देखकर उन्हें लगता है कि मोदी जी की फौज आ गई। श्री मोदी ने कहा कि इस स्थिति में कांग्रेस ने खुद को भाग्य के भरोसे छोड़ दिया है, लेकिन आपको पूरी मेहनत करनी है। कांग्रेस दिखे या न दिखे, हमें तो घर-घर जाना है।

इस अवसर पर बड़वानी जिलाध्यक्ष श्री ओम सोनी, धार जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, छतरसिंह दरबार, बड़वानी विधानसभा प्रत्याशी प्रेमसिंह पटेल, राजपुर विधानसभा प्रत्याशी अंतरसिंह पटेल, पानसेमल विधानसभा प्रत्याशी श्याम बर्डे, सेंधवा विधानसभा प्रत्याशी उपस्थित थे।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button