MP-Investment-प्रदेश में निवेश का महाभियान लगातार बढ़ रहा है आगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्‍यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश का महाभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। जुलाई में आदित्य टेक्नो कंपनी, लियोन इंडिया के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास हुआ है। इसी प्रकार पीथमपुर में 850 करोड़ रुपए लागत की दो नई इंडस्ट्रीज का शुभारंभ भी किया गया है। यह इंडस्ट्री राजस्थान से मध्यप्रदेश आकर अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं। ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए दिल्ली में आयोजित रोड शो में लगभग 5000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव और अहमदाबाद में हुए रोड शो में 8 हजार 635 करोड रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सभी क्षेत्रों में स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन दे रहे हैं। स्पेस टेक्नोलॉजी क्षेत्र में सैटेलाइट लॉन्चिंग के लिए विदिशा निवासी श्री वैभव जैन को भी अवसर मिला है। मध्यप्रदेश की युवा प्रतिभा ने अपने स्टार्ट-अप के माध्यम से एक नया इतिहास रचा है। श्री जैन की स्टार्ट-अप कंपनी व्योमिक भी अंतरिक्ष में सैटेलाइट लांच करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके लिए श्री जैन को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मानसून का अंतिम दौर चल रहा है। उन्होंने पिछले दिनों रीवा पहुंचकर जबलपुर और शहडोल में बाढ़ और अति वृष्टि से हुए नुकसान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अत्यधिक बारिश होने से कई नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं जिससे गलियों और घरों में पानी भर जाता है। बैठक में जल निकासी की व्यवस्था की भी समीक्षा करने और वर्षा ऋतु के बाद अभियान चलाकर नालों के प्रवाह को निर्बाध बनाने के लिए कार्य योजना बनाने तथा उसके क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार कौशल विकास को लेकर युवाओं को 5 भागों में बांटा है। स्कूल जाने वाले विद्यार्थी, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, संगठित और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले नागरिक एवं ऐसे युवा जो शिक्षा, रोजगार और स्व रोजगार दोनों से वंचित है। ये ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आकर आईटीआई या अन्य रोजगार आधारित प्रशिक्षण ले रहे होते हैं लेकिन धन अभाव या किसी अन्य कारण से उन्हें सफलता नहीं मिल पाती है। नीति आयोग ने कहा है कि ऐसे युवाओं के लिए उच्च शिक्षा विभाग और युवा कल्याण विभाग के माध्यम से कार्य योजना तैयार कर ठोस कार्रवाई की जायें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए 20 अगस्त से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह आईडी किसानों को खाद और बीज वितरण सहित सभी प्रकार के लाभ दिलवाले में सहायक होगी। सभी जनप्रतिनिधि किसानों को फार्मर आईडी बनाने के लिए प्रेरित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन हफ्ते से निरंतर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके बेहतर परिणाम सामने आए हैं। विशेष पर्व और त्यौहारों के चलते अगर शुक्रवार को अवकाश रहता है तो जनविश्वास शिविर अगले दिन शनिवार को आयोजित किया जाए। सभी जिला कलेक्टर मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के संबंध में पहले से जानकारी दें। इससे नागरिकों के साथ कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को भी तैयारी के लिए समय मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी मंत्रीगण अपने विभागीय अधिकारियों के साथ ढाई वर्ष में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों और योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के लिए सितंबर में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन करें।

Exit mobile version