Kisan-किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की खुशहाली का आधार, किसानों को नहीं होने देंगे कोई कष्ट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्‍यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंचित कृषि ही किसानों के घर-द्वार में समृद्धि लाती है। खेतों तक पानी पहुंचने से केवल सिंचाई की सुविधा ही नहीं मिलती, वरन् यह किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही मध्यप्रदेश की खुशहाली का आधार है। हम किसानों को हर संभव तरीके से सुविधा सम्पन्न बनाएंगे, किसानों के जीवन में कोई कष्ट नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेत तक पानी, किसान के चेहरे पर मुस्कान और गांव-गांव में समृद्धि, यही विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का हमारा संकल्प है। हमारी सरकार प्रदेश के हर खेत को सिंचित बनाने और हर किसान की समृद्धि के लिए प्राण-पण से काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सीहोर जिले की बुधनी क्षेत्र के भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट का बटन दबाकर 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 एवं फेज-2 का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस परियोजना सहित सीहोर जिले को कुल 577.67 करोड रूपए की लागत के 19 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 575 करोड़ से अधिक की लागत के 9 विकास इसका लोकार्पण और 2.61 करोड़ की लागत के 10 विकास कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल गई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के जीवन में नया सवेरा लेकर आई है। अब नर्मदा का पानी आधुनिक भूमिगत पाइपलाइन के जरिए सीधे खेतों तक पहुंचेगा। इससे पानी अधिकतम उपयोग हो सकेगा और किसान स्प्रिंकलर एवं ड्रिप इरीगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। किसानों के खेत अब सोना उगलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि उत्पादन और किसानों की खुशहाली को नई गति देगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता को माँ नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से अब नर्मदा मैया के जल से खेतों में सिंचाई होगी। सूखे खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है। राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है। स्वतंत्रता के बाद वर्ष 2002-03 तक 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन सिंचाई का रकबा केवल 7.50 लाख हेक्टेयर तक ही पहुँच पाया इसके बाद सुश्री उमा भारती, स्व. बाबूलाल गौर, श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विकास किया। हमारी सरकार बनने तक वर्ष 2023 तक सिंचाई का रकबा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गया। भगवान बलराम के आशीर्वाद से पिछले ढाई साल में ही मध्यप्रदेश में सिंचित क्षेत्र 20 लाख हेक्टेयर बढ़ा है और यह 60 लाख हेक्टेयर के अधिक हो चुका है। यह किसानों की समृद्धि और उनका जीवन बदलने का हमारा संकल्प है। आज बुधनी विधानसभा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण हुआ है। यह सिंचाई परियोजना बुधनी भैरूंदा के 76 गांवों के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में हमारी सरकार सिंचाई सुविधाओं का निरंतर विकास करते हुए किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध करा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। हमारी सरकार में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 70 हजार रुपए हो गई है। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सांदीपनि विद्यालय, गांवों तक पक्की सड़क और युवाओं को रोजगार देने के लिए औद्योगिक विकास को गति दी जा रही है। युवाओं को शासकीय सेवा में भी अवसर दिए जा रहे हैं। अगले साल एमपी पीएससी की परीक्षा 2 बार कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है। सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए राज्य में सभी संसाधन उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में सहभागी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए बहनों को लोकसभा और विधानसभाओं में उनका अधिकार दिलाने का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश में पहले ही पंचायत और नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण बहनों को मिला हुआ है। माताओं-बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लेकर मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत बहनों को हर माह 1500 रुपए की राशि दी जा रही है। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 60 हजार करोड़ रुपए लाड़ली बहनों को दिए गए हैं। हमारी सरकार किसान, युवा और व्यापार सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सलकनपुर में माता बीजासन का भव्य लोक बन रहा है। भविष्य में यहां रेस्ट हाउस की सुविधा भी मिलेगी। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक, चित्रकूट और ओरछा में भगवान श्रीराम भव्य धाम तैयार हो रहा है। हमारी सरकार का मूलमंत्र सच्चा वादा और पक्का काम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण के लीला स्थलों को भव्य तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिये खेती के साथ किसानी पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पशुपालन, डेयरी व्यवसाय, बकरी पालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहित कर रही है। दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पिछले साल नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया। इसके बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को 5 से 8 रुपए तक दूध का अधिक दाम मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अभी दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। राज्य सरकार ने मप्र को दुग्धोत्पादन में नंबर-1 राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। हमने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय 1000 रूपए महीना सहायता देने का निर्णय लिया है। गौमाता की बेहतरी और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए नगर निगमों में 10 हजार क्षमता की बड़ी गौशालाएं खोली जा रही हैं। मान्यता प्राप्त गौशालाओं के लिए अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपए प्रति गौमाता कर दिया है। खेती के साथ गौमाता की सुरक्षा करना भी जरूरी है। शाजापुर में बोमा पद्धति से नील गायों को विस्थापित कर जंगल में छोड़ा जा रहा है। इससे खेती नुकसान से बच रही है और हिरण और अन्य जीवों का जीवन भी सुरक्षित हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज इस क्षेत्र को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इसमें 5 सड़कें, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। गोपालपुर में सामुदायिक भवन, बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमि-पूजन भी हुआ है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली से अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भैरूंदा के किसानों को सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण कर बड़ी सौगात दी है। किसान कल्याण के लिए एक संकल्प और किसानों का सपना पूरा हुआ है। खेतों में नर्मदा मैया का जल पहुंचा है। बुधनी-सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को सिंचाई परियोजना का लाभ मिलेगा। यह योजना किसानों की तकदीर बदलने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इछावर क्षेत्र के कुछ गांवों में अब भी पानी की दरकार है, इसलिए इस योजना का एक और चरण शुरू करने की आवश्यकता है। छीपानेर परियोजना के पूर्ण होने पर खातेगांव को भी सिंचाई का लाभ मिलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्रालय और राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश का कृषि विकास रोडमैप तैयार करेंगे। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में केन्द्र सरकार मध्यप्रदेश सरकार के साथ मिलकर राज्य के सभी गांवों में लोगों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका का विस्तार करेंगे और पूरे गांव एवं ग्रामीणों को गरीबी मुक्त बनायेंगे।

जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डबल इंजन सरकार में प्रदेश के समग्र विकास के लिए किसान कल्याण, युवा कल्याण, नारी कल्याण और गरीब कल्याण का संकल्प लिया है। सीहोर जिले के भैरूंदा में सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से 8 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लगभग 536.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सिंचाई परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों में 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित की जा सकेगी। राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर करने का संकल्प लिया है।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश को स्वर्णिम राज्य बना रहे हैं और इस विकास यात्रा में सीहोर जिला बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने कहा कि मध्यप्रदेश वर्ष 2003 से शुरू हुआ विकास का क्रम निरंतर जारी है। भैरूंदा में लंबे समय तक सिंचाई और पेयजल का संकट रहा, लेकिन आज नर्मदा मैया का जल किसान भाइयों के खेतों तक पहुंचा है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, विधायक सीहोर श्री सुदेश राय, विधायक आष्टा इंजीनियर गोपाल सिंह, म.प्र. पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम की अध्यक्षा श्रीमती निर्मला बारेला, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती रचना सुरेन्द्र मेवाड़ा, भैरुंदा की जनपद पंचायत अध्यक्षा श्रीमती मंजू अवध पटेल, नगर परिषद भैरुंदा के अध्यक्ष श्री मारुति शिशिर, जिलाध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

Exit mobile version