देशप्रमुख समाचारराज्‍य

मध्यप्रदेश के राज्यपाल,मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी

मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल,मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

Story Highlights
  • मध्यप्रदेश के राज्यपाल,मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी

 

मध्यप्रदेश के राज्यपाल,मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी

मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और राज्य की खुशहाली और उन्नति की कामना की है। राज्यपाल ने आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश निर्माण संकल्प को पूरा करने में सहयोग के लिए नागरिकों का आह्वान किया है।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों से कहा है कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश निर्माण के लिए सर्वस्व अर्पण की भावना के साथ एकजुट होकर विकास के लिए कार्य करना होगा। हमें प्रदेश के लिए जीना है, काम करना है, इस भावना के साथ किये गये छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े नतीजे ला सकते हैं। उन्होंने कहा है कि निष्ठा और ईमानदारी के साथ रोज के कामकाज करते हुए भी प्रत्येक व्यक्ति राज्य की उन्नति में योगदान दे सकता है।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्थापना दिवस प्रदेश के गौरव, विकास, पर्यावरण और लोक संस्कृति के संरक्षण का उत्सव है। इस बार स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के लिए लगातार 7 दिन पूरे प्रदेश में विभिन्न आयोजन होंगे। आयोजनों में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि देश के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश ने विकास के अनेक आयाम को छुआ है। विकास में नागरिकों की भागीदारी भी सराहनीय है। सुशासन और सूचना प्रौद्योगिकी से नागरिकों को अनेक सुविधाएँ और सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अभियान चला कर रिक्त पदों की पूर्ति की जा रही है। प्रदेश आज स्व-रोजगार, वन्य-प्राणी संरक्षण, पर्यटन स्थलों के विकास, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व के जन आस्था केंद्रों पर सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक कृषि, स्वास्थ्य और औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के क्षेत्र में नित नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। इन उपलब्धियों पर गर्व के साथ ही नागरिकों में प्रदेश को अग्रणी बनाने का भाव भी मजबूत हुआ है। प्रदेश के ग्राम और नगर स्वच्छता सर्वे में बेहतर प्रदर्शन के लिए जाने जा रहे हैं। स्व-सहायता समूहों को आर्थिक समृद्धि दिलाने के प्रयास भी बढ़े हैं। एक जिला-एक उत्पाद योजना में अनेक जिलों में उत्कृष्ट कार्य हो रहे हैं।

आमजन के लिए स्थापना दिवस, विकास में सहभागिता के संकल्प का दिन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन से मध्यप्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव में स्वतंत्रता सेनानियों के स्मरण, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम और भूले-बिसरे शहीदों को याद करने के कार्य हुए हैं। नर्मदा जल के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया गया है। वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के दोहन का कार्य हुआ है। अंग्रेजी में पढ़ाए जाने वाले अनेक पाठ्यक्रम अब हिन्दी में भी पढ़ाने की शुरूआत हो गई है। सीएम राइज़ स्कूल, स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तन लाएंगे। बच्चों का कुपोषण समाप्त करने की दिशा में आमजन आँगनवाड़ियाँ एडाप्ट कर सहयोग दे रहे हैं। बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए सुविधाएँ देने का महत्वपूर्ण निर्णय हुआ है। पर्यावरण विकास में भी जनता हिस्सेदारी कर रही है। प्रदेश का स्थापना दिवस आमजन के लिए भी प्राण-प्रण से विकास में सहभागी होने के लिए संकल्प लेने का दिन है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button