प्रमुख समाचार

देश की अर्थव्यवस्था परिवहन के पहिये से चलती है: तरूण भानोट

देश की अर्थव्यवस्था परिवहन के पहिये से चलती है: तरूण भानोट
ट्रांसपोर्टर के हितों में साथ देगी काम्पिस्ट: गोविंद गोयल
मप्र कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ की बैठक संपन्न

भोपाल, 04 दिसम्बर, 2019
मध्यप्रदेश शासन के वित्त मंत्री तरूण भानोट ने आज मप्र कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ की बैठक में प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग परिवहन से जुड़े हुए हैं, उनकी गाड़ियां जब सड़कों पर चलती है, उसी से देश की अर्थव्यवस्था चलती है। परिवहन में ट्रांसपोर्टरों को कौन-कौन सी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, मैंने बहुत करीब से जाना है। लगभग एक साल होने को है कांगे्रस की प्रदेश में सरकार बने, लेकिन इसके पहले की आर्थिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है। हमें प्रदेश का खजाना खाली मिला। परिवहन संबंधी बहुत सारी परेशानियां हमारे ट्रांसपोर्टरों को आ रही थी, जिसका धीरे-धीरे हमारी सरकार समाधान करती जा रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने व्यापार, उद्योग-धंधे लगाने लगाने और निवेश की अपार संभावनाऐं प्रदेश के लिए दी हैं, जिससे परिवहन बढ़ेगा और आर्थिक स्थिति में सुधार आयेगा।

मंत्री श्री भानोट ने कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों को कांगे्रस एवं परिवहन प्रकोष्ठ की मजबूती हेतु सच्ची निष्ठा, लगन से हमेशा कार्य करते रहने एवं ट्रक, ट्रांसपोर्टर्स के हित की रक्षा हेतु हमेशा सक्रिय रहने की शपथ दिलायी।

प्रदेश कांगे्रस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा कि बहुत कम समय में इस संगठन को एक अच्छी दिशा दी गई। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट, व्यवसाय को साथ मिलकर आगे बढ़ायेंगे, जिससे कांगे्रस को भी मजबूती मिलेगी।

प्रदेश कांगे्रस के कोषाध्यक्ष एवं काम्पिस्ट के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि परिवहन, व्यापार, उद्योग धंधों का आ रही समस्याओं का सरकार ने निराकरण कराने के लिए हमने काम्पिस्ट का गठन किया है। हाल ही में आनलाईन साॅफ्टवेयर द्वारा 200 करोड़ के बिजनेस पर कुल पैनाल्टी 123 करोड़ रूपये राज्य सरकार से माफ कराये। संपत्ति क्रय-विक्रय पर कलेक्टर गाईडलाईन 20 प्रतिशत कम की जा सकी, जिससे रियल इस्टेट व्यापार को गति मिली। अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए कदम उठाया। श्री गोयल ने बैठक में आये पदाधिकारियों से काम्पिस्ट का सदस्य बनने के लिए भी कहा। ताकि उनकी समस्याओं का समाधान काम्पिस्ट के माध्यम से प्राथमिकता से कराया जा सके।

श्री गोयल ने कहा कि प्रदेश में व्यापार, व्यवसाय, उद्योग करने वाले लोगों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जायेगा। परिवहन में आ रही अड़चनों पर भी प्रदेश सरकार के समक्ष आपकी बात रखी जायेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि नरेन्द्र पांधे कांगे्रस परिवहन प्रकोष्ठ के माध्यम से ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, उनके हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री जी तक अपनी बात पहुंचाायेंगे और इसका शीघ्र निराकरण करने के प्रयास किये जायेंगे।

प्रदेश कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नरेन्द्र पांधे ने सभी अतिथियों के समक्ष परिवहनकर्ताओं, ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी और उसके शीघ्र समाधान किये जाने का अनुरोध करते हुए कहा कि अब हम अपनी बात आपसी सामंजस्य से हल करने की कोशिश करेंगे, काम्पिस्ट के अध्यक्ष श्री गोविंद गोयल के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचायेंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अर्थव्यवस्था की ऐसी बुरी हालत कर दी है कि ट्रांसपोर्टर, ट्रक मालिक आत्महत्या जैसे जघन्य अपराध करने के लिए विवश हो रहे हैं।

कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ की बैठक में पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और ट्रांसपोर्टरों ने भी अपने-अपने विचार रखे, अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रदीप छिपानी ने कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों, प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों का आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन संगठन मंत्री सुशील सलूके ने किया।

इस अवसर पर परिवहन प्रकोष्ठ के पदाधिकारीगण सुनील माहेश्वरी, जसवीरसिंह खनूजा, राजेन्द्र सिंह वर्मा, विकास छाजेड़, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्षगण उपस्थित थे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button