देशपर्यटनप्रमुख समाचारमहत्वपूर्ण आलेखराज्‍यसेहत

मध्यप्रदेश में वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा ,योग और आयुर्वेद के लिए भारत पूरी दुनिया में जाना जाता है- मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान

 

लोगों को स्वास्थ्य एवं जनजातीय वर्ग को आजीविका के उद्देश्य से बनाई गई है ‘देवारण्य’ योजना

हमारे जंगलों में औषधियों का खजाना तथा जनजातीय लोगों के पास पारंपरिक ज्ञान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अ.ज.जा वर्ग के लिए आयुष आधारित आर्थिक उन्नयन योजना ‘देवारण्य’ संबंधी कार्यशाला को संबोधित किया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि योग और आयुर्वेद के लिए भारत दुनियाभर में जाना जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से आज दुनिया के 180 देशों में योग को अपनाया गया है। आयुर्वेद देश एवं दुनिया के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी है। कोविड काल में प्रदेश में योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ मिल सके तथा प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले हमारे भाई-बहनों को रोजगार एवं आजीविका मिल सके इसके उद्देश्य से ‘देवारण्य’ योजना बनाई गई है। इस योजना का तीव्र गति से क्रियान्वयन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे जंगलों में जहां औषधियों का अमूल्य खजाना है, वहीं जनजातीय भाई-बहन इनका महत्व एवं उपयोग समझते हैं। हमें एक ओर हमारे इस औषधियों के खजाने को संरक्षित एवं संवर्धित करना है वहीं जनजातीय वर्ग के इस पारंपरिक ज्ञान को आगे बढ़ाकर लोगों को स्वास्थ्य लाभ देना है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों के निवासियों के लिए रोजगार सृजन और आजीविका के साधनों की मजबूती के लिए आयुष आधारित आर्थिक उन्नयन योजना ‘देवारण्य’ संबंधी कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न आयुष दवा कंपनियों के प्रतिनिधि व अन्य विशेषज्ञ उपस्थित थे।

आयुष औषधियों के उत्पादन की पूरी वैल्यू चेन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में देवारण्य योजना के माध्यम से आयुष औषधियों के उत्पादन की एक पूरी वैल्यू चेन का विकास हम करेंगे। इस कार्य में स्व-सहायता समूहों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसमें कृषि उत्पादक संगठन, आयुष विभाग, वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, पर्यटन विभाग, कृषि विभाग, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग मिलकर मिशन मोड में कार्य करेंगे।

गांव के वैद्य श्री रघुवीर प्रसाद का उल्लेख किया

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने गांव के वैद्य श्री रघुवीर प्रसाद का उल्लेख करते हुए कहा कि वे नाड़ी देखकर रोग जान लेते थे और दवा देते थे। हमें अपने पारम्परिक ज्ञान को आगे बढ़ाना होगा।

वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि म.प्र. में वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए गांवों की सुंदर वादियों में औषधीय पौधों की खेती की जाए। आयुष एवं पर्यटन को साथ-साथ लाया जाएगा।

भोपाल में बने ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडीशनल मैडिसिन्स

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन भारत में ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडीशनल मैडिसिन्स बनाने जा रहा है। ऐसे प्रयास किए जाएंगे कि यह म.प्र.में बने। भोपाल में खुशीलाल आयुर्वेद अस्पताल अद्भुत कार्य कर रहा है।

प्रदेश में 360 नये आयुष हेल्थ और वेलनेस सेंटर

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 360 से अधिक नये आयुष हेल्थ और वेलनेस सेंटर्स की स्थापना की जा रही है। इंदौर और भोपाल में आयुष सुपर स्पेशिलिटी अस्पतालों का निर्माण हो रहा है। प्रदेश के आयुर्वेदिक और यूनानी औषधालयों का उन्नयन किया जा रहा है। आयुष दवाओं के अनुसंधान और‍ विकास पर अधिक से अधिक जोर दिया जा रहा है।

डिमांड एवं सप्लाई चेन को मजबूत बनाएंगे

राज्य नीति एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों के निवासियों के रोजगार सृजन एवं आजीविका के संसाधनों को मजबूती प्रदान करने के लिए आयुष आधारित योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत औषधीय एवं सुगंधित पौधों तथा उनसे बनाई जाने वाली दवाओं की डिमांड एवं सप्लाई चेन को मजबूत बनाया जाएगा।

भारत चीन के बाद सबसे बड़ा निर्माता

भारत सरकार आयुष मंत्रालय के सचिव श्री राजेश कुटेचा ने कहा कि विश्व में आयुष दवाओं का बहुत बड़ा बाजार है। इस क्षेत्र में भारत चीन के बाद सबसे बड़ा निर्माता है। वर्तमान में इसके लिए कच्चे माल अर्थात औषधीय व सुगंधित पौधों की बहुत मांग है। उद्योगों ने इसका एडवांस ऑर्डर दिया हुआ है। जनजातियां यह जानती है कि इन पौधों का संरक्षण व उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए।

आंवले की अत्यधिक मांग

डाबर इंडिया के सी.ई.ओ. श्री मोहित मल्होत्रा ने कहा कि आयुर्वेदिक औषधियों के लिए आंवले की अत्यधिक मांग है। म.प्र. से बड़ी मात्रा में इसकी आपूर्ति होती है। औषधीय फसलों को बढ़ावा दिए जाने के साथ यदि इन फसलों का जैविक प्रमाणीकरण करा लिया जाए तो यह अत्यंत लाभकारी होगा।

को-ऑपरेटिव फार्मिंग को बढ़ावा दें

इमामी हैल्थ केयर के श्री गुलराज भाटिया ने कहा कि आगामी 15-20 वर्ष में आयुष के क्षेत्र में अत्यधिक संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके लिए प्रदेश में औषधीय एवं सुगंधित पौधों की कोऑपरेटिव फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

आयुर्वेद से सभी बीमारियों का इलाज हो सकता है

आयुर्वेद ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्य, बैंगलूर के सी.ई.ओ. श्री राजीव वासुदेवन ने कहा कि आयुर्वेद से सभी बीमारियों का इलाज किया जा सकता है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से जिला स्तर पर आयुर्वेद उपचार की सुदृढ़ पद्धति विकसित की जानी चाहिए।

वनस्पतियों का ज्ञान जनजातियों के पास है

वनवासी कल्याण आश्रम के हितरक्षा प्रमुख श्री गिरीश कुबेर ने कहा कि प्राचीन वनस्पतियों का ज्ञान जनजातियों को है। ग्रामों में ग्राम सभाओं को मजबूत कर अधिक से अधिक जनजातीय लोगों को इससे जोड़ें। सामुदायिक वन विकास पर जोर दिया जाना चाहिए।

म.प्र. भारत का ‘ग्रीन लंग’

धूतपापेश्वर लिमिटेड, मुंबई के श्री रंजीत पुराणिक ने कहा कि म.प्र. न केवल भारत का दिल बल्कि ‘ग्रीन लंग’ है। यहां औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों का अपार भंडार है। नीमच अश्वगंधा की ग्लोबल मंडी है। पन्ना का आंवला देश में सर्वोत्तम है। म.प्र. में औषधीय वनस्पतियों की मंडियां बनाई जानी चाहिएं।

वैयक्तिक पट्टे प्रदान किए जाएं

सेण्टर फॉर रिसर्च एंड स्ट्रेटेजिक प्लानिंग फॉरसस्टेनेबल डेवलपमेंट, पुणे के अध्यक्ष श्री गजानन डांगे ने कहा कि सामुदायिक विकास के साथ ही वनवासियों को वैयक्तिक पट्टे प्रदान किए जाएं। जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए मास्टर प्लान बने। जल प्रबंधन के साथ ही मिट्टी का कटाव रोकने के लिए भी कार्रवाई हो।

प्रोत्साहित एवं जागरूक करें

आयोग्य भारती के श्री अशोक वार्ष्णेय ने कहा कि औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उत्पादन के लिए जनजातीय लोगों को प्रोत्साहित एवं जागरूक किया जाना चाहिए।

कार्यशाला के अंत में आभार प्रदर्शन नीति एवं योजना आयोग के प्रमुख सलाहकार श्री अभिषेक सिंह ने किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button