देशप्रमुख समाचारराज्‍य

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री,शिवराज सिंह चौहान ने जनजाति वर्ग के बीच मनाई होली

 

मैं ही चला आया अपनों के बीच अपना भगोरिया मनाने – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पाटी में जनजातीय बंधुओं के साथ किया नृत्य एवं बजाया ढोल

 

एमपीपोस्ट, 17 मार्च 2022 ,भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को जनजातीय समाज के पारंपरिक लोक उत्सव भगोरिया मनाने बड़वानी के दूरस्थ अंचल में बसे विकासखंड पाटी मुख्यालय सपत्नीक पहुँचे। वनांचल की पारंपरिक वेशभूषा पहने मुख्यमंत्री ने जनजातीय बंधुओं के साथ उल्लसित होते हुए कहा कि वे लंबे अरसे से अपने जनजातीय भाइयों से मिलने की बाट जोह रहे थे, जैसे ही कोरोना कंट्रोल हुआ, वैसे ही वे अपनों के बीच अपना भगोरिया मनाने चले आए। उन्होंने कहा कि भगोरिया में ढोल-मांदल की गूंज से चारों और उल्लास का वातावरण निर्मित होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जनजातीय भाइयों के साथ कदम से कदम मिलाकर लय और ताल से नृत्य भी किया।

पारंपरिक मांदल की थाप से गुंजायमान हुआ पाटी

सुदूर जनजातीय अंचल विकासखंड पाटी में कोरोना संक्रमण के चलते लंबे अरसे से उत्सव का रंग फीका पड़ गया था, जिसमें आज मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सपत्नीक उपस्थित होकर भगोरिया पर्व को उल्लास के रंग से सराबोर कर दिया। भगोरिया उत्सव में 30 से अधिक पारंपरिक वाद्य यंत्रों विशेषकर ढोल, मांदल के साथ युवाओं, महिला-पुरुषों ने पूर्ण जोश और उत्साह में लीन होकर भागीदारी की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी ढोल बजाकर सभी को आनंदित कर दिया। मुख्यमंत्री के साथ केबिनेट मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल सहित अन्य जन-प्रतिनिधि भी जमकर थिरके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान भगोरिया के पारंपरिक चल समारोह में हुए शामिल

उत्सव का उल्लास उस समय और दोगुना हो गया मुख्यमंत्री श्री चौहान भगोरिया मनाने आये जनजातीय बंधुओं में जोश भरने के लिए चल समारोह में उनके साथ निकले। नगरवासियों ने अपने भवनों की छतों पर चढ़कर चल समारोह पर पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री का स्वागत पारंपरिक साफा बाँध एवं तीर-कमान भेंटकर किया

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का सामाजिक न्याय एवं पशुपालन मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सोलंकी, लोकसभा सांसद श्री पटेल ने साफा बाँधकर एवं तीर-कमान भेंटकर अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने बजाया ढोल और जनजातीय भाइयों ने भरी कुर्राटी

लोक संस्कृति पर्व भगोरिया पर जनजातीय भाइयों ने कोरोना पर विजय के लिये अपनी मूछों पर ताव देते हुए कुर्राटी भरी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी जनजातीय संस्कृति में विशेष स्थान रखने वाले पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल को बजा कर वातावरण को पूरी तरह उत्सवी कर दिया।

मुख्यमंत्री ने की पाटी के विकास की कई घोषणाएँ

मुख्यमंत्री श्री सिंह चौहान ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की मांग पर पाटी के विकास की कई घोषणाएँ की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गोई नदी पर नवीन पुल निर्माण के लिये 13 करोड़, स्ट्रीट लाईट के लिये 80 लाख, घाट निर्माण के लिये 60 लाख, पाटी बस स्टेण्ड के लिये 40 लाख रूपये, अम्बा फल्या में पुलिया निर्माण के लिये 18 लाख रूपये की स्वीकृति के साथ ही गोई नदी में स्टाप डेम बैराज निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पुलिस के 6 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस में ही भर्ती के लिये 6 हजार और पदों की वेकेन्सी निकाली जायेगी। इसमें शारीरिक दक्षता के भी अंक दिये जायेंगे, जो लिखित परीक्षा के बराबर होंगे। शिक्षको के पदों एवं बैकलॉग के पदों पर भी शीघ्र भर्ती की जायेगी। कोरोना काल में बंद रहे सामुहिक विवाह आयोजन पुनः प्रारंभ किये जायेंगे। बड़वानी जिले में 280 ग्रामों में नल-जल योजना से पानी पहुँचाने का कार्य प्रगति पर है। शेष ग्रामों में भी सामुहिक नल-जल योजना बनाकर घर-घर नल और टोंटी के माध्यम से पीने का पानी पहुँचाया जायेगा।

कार्यक्रम में यह थे उपस्थित

मुख्यमंत्री श्री चौहान की उपस्थिति में अंतिम भगोरिया हाट में पूर्व मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता चौहान, जनपद पंचायत पाटी अध्यक्ष श्रीमती सायनाबाई पाण्डू, उपाध्यक्ष श्री दीलू मालवीय, जिला अध्यक्ष श्री ओम सोनी, श्री विक्रम चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनजातीय बंधु उपस्थित थे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button