देशप्रमुख समाचारमहत्वपूर्ण आलेखराज्‍य

बीजेपी का 42 वर्षों का संघर्ष, सिद्धांतों, मूल्यों, पर चलने बाला दल

 

शिवराज सिंह चौहान- मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश, शासन

एमपीपोस्ट, 06 अप्रैल 2022 ,भोपाल। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी कहा करते थे – अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा ! ये वाक्य हम जैसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा है l देश के वे समस्त विषय जो देश की अखंडता, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकार से जुड़े थे उन्हें भाजपा का आधार बनाया गयाl भाजपा की नींव तैयार करने में हमें आशीर्वाद मिला श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जैसे ओजस्वी विचारकों का, विचारों को धरातल पर उतारने का काम किया देश की तत्कालीन सबसे मजबूत जोड़ी अटल-आडवाणी ने और आज जो भाजपा की भव्य इमारत खड़ी है उसे साकार किया है श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने, श्री अमित शाह जी के मजबूत इरादों ने और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी के कठोर परिश्रम ने l

भाजपा आज जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है, देश की जनता ने भाजपा को आत्मसात किया है, भाजपा से लोग जुड़ रहे हैं, भाजपा के विकास के संकल्पों से लोग स्वयं को जोड़ पा रहे हैं लेकिन यह एक दिन की बात नहीं है यह 42 वर्षों के संघर्ष, कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम, राष्ट्रवाद के मजबूत संकल्प और जन सेवा के प्रति समर्पण के बल पर संभव हो सका है l प्रारंभ से ही एक ओर अंतिम व्यक्ति का कल्याण कार्यकर्ताओं के विचारों में निहित था तो दूसरी ओर एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेगा जैसीराष्ट्रवादी परिकल्पनाओं को साकार करने जैसा मजबूत निश्चय मन में था l

भाजपा की यात्रा में अनेक पड़ाव आए, कभी हम सदन में दो सदस्य तक रह गए, तब भी राष्ट्रवाद और जनकल्याण को संसद के पटल पर रेखांकित करने से हम नहीं डिगे और जब मोदी जी के नेतृत्व में देश की सबसे बड़ी पार्टी बन कर सदन में पहुंचे तो धारा 370 और तीन तलाक जैसे काले कानूनों को हटा कर और भव्य राम मंदिर निर्माण के अपने संकल्पों की पूर्ति की l आज आम जन के मन में विश्वास है कि मोदी है तो मुमकिन है, क्योंकि समाज का कोई भी वर्ग हो, विकास का कोई भी क्षेत्र हो वो भाजपा के जनकल्याण के कार्यों से अछूता नहीं रहा हैl

अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में पूरे देश में राजनीतिक शुचिता का वातावरण निर्मित हुआ. उनके कार्यों को आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी ने आगे बढ़ाते हुए गरीब कल्याण, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के लक्ष्यों को लेकर देश में आत्म विश्वास एवं आत्म स्वाभिमान का वातावरण निर्मित किया है । महिला कल्याण की बात हो या फिर युवा वर्ग का उत्थान और उनके रोजगार की व्यवस्था, प्रत्येक वर्ग के उत्तरोत्तर प्रगति के लिए मोदी जी ने दृढ़ निश्चय के साथ ऐसे अनेक फैसले लिए है जिससे देश का सिर पूरी दुनिया में गर्व से ऊंचा हुआ है l जनता की श्रद्धा और विश्वास का केंद्र है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी l मोदी जी भारत के लिए ईश्वर का वरदान है l प्रधानमंत्री जी ने भारत का गौरव दुनिया के समक्ष ऐसा बढ़ाया है कि आज दुनिया भारत के बिना नहीं चल सकती है l

भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है, यहां पर फैसले सर्व-सम्मति से होते हैंl भारतीय जनता पार्टी भारतीय संस्कृति की पारंपरिक मान्यताओं में पूर्ण विश्वास रखती है और यही सिद्धांत भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता और सफलता के प्रमुख कारण है l

आज भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो पूर्णतः अपने कैडर एवं अनुशासन के लिए जानी जाती है इस पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान प्राप्त है l

भारतीय जनता पार्टी ही देश की एक ऐसी पार्टी है जिसमें एक एक सामान्य सा कार्यकर्ता देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है।

भारतीय जनता पार्टी अभी यहीं रुक जाने वाली पार्टी नहीं है। हम चरैवेति चरैवेति में विश्वास करते हैं। सदैव जनहित के नए लक्ष्य तय करते है और पूरी दृढ़ता के साथ फिर आगे बढ़ जाते है। हमें एक लंबा सफर तय करना है।

आइए भाजपा के स्थापना दिवस पर हम सब मिलकर संकल्प ले कि हम राष्ट्र ही प्रथम है की संकल्पना के साथ कार्य करे, तभी देश और मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा और भारत राष्ट्र का गौरव विश्व में चिर स्थायी बन सकेगा।

मेरी ओर से स्थापना दिवस पर पुनः बधाई शुभकामनाएं

(लेखक:- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं)

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button