
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के साथ ही आज से सुशासन, सुरक्षा और विकास के एक नवयुग का शुभारंभ हो गया है। पश्चिम बंगाल अब सच्चे अर्थो में ‘आमार सोनार बांग्ला’ बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी के नेतृत्व में यह राज्य अब अपने पुराने गौरव और वैभव को प्राप्त कर समग्र विकास, निवेश, सुशासन एवं जनकल्याण के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में हुए पश्चिम बंगाल की नवगठित राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, अन्य वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्रीगण, एनडीए शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रीगण एवं अतिविशिष्ट जनों की गरिमामय उपस्थिति में हुए नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में श्री सुवेन्दु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री आर.एन. रवि ने श्री सुवेन्दु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद एवं नई सरकार के पांच अन्य मंत्रीगण को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री सुवेन्दु अधिकारी को लोक कल्याण के इस नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए समर्पित मैदानी कार्यकर्ताओं एवं राज्य की जागरूक जनता को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।
