Uncategorized

भोपाल में राष्ट्रीय बाल-रंग उत्सव 19 दिसंबर से

भोपाल में राष्ट्रीय बाल-रंग उत्सव 19 दिसंबर से
भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल में 19 से 21 दिसंबर तक राष्ट्रीय बाल-रंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव में पहले दिन सांस्कृतिक, साहित्यिक, मदरसा, संस्कृत एवं योग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन 20 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक-नृत्य होगा। इसमें 20 राज्यों एवं 4 केन्द्र शासित प्रदेशों के बच्चे भाग लेंगे।

बाल-रंग उत्सव में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम पाँच स्थान प्राप्त करने वाले दलों को समापन समारोह में पुन: प्रदर्शन करने का अवसर दिया जायेगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त दल को 31 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त दल को 21 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त दल को 11 हजार रूपये का पुरस्कार दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त 5 हजार रूपये सांत्वना पुरस्कार भी दिया जायेगा। बाल-उत्सव में तीनों दिन लघु भारत तथा समर्थ भारत प्रदर्शनी में भारत की लोक कला, संस्कृति और परम्पराओं के साथ देश की उपलब्धियों की जानकारी दी जायेगी। साथ ही, स्काउट कैम्प और क्रिएटिव क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जायेगा।

बाल-रंग उत्सव में स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ लेने के लिये फूड जोन बनाया जायेगा। इसमें लगभग 25 स्टॉल लगाये जायेंगे। फूड जोन में भोपाल शहर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा बनाये गये व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।

उत्सव में बच्चों की सुरक्षा, चिकित्सा और रहने-खाने की व्यवस्था रहेगी। प्रतिभागी बच्चों को भोपाल के आसापास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जायेगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button