देशप्रमुख समाचारराज्‍य

केंद्र सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर संविधान की आत्मा छलनी करने वाला बिल लाई : प्रियंका

केंद्र सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर संविधान की आत्मा छलनी करने वाला बिल लाई : प्रियंका
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक संसद से पारित होने के बाद गुरुवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला विधेयक’ उस वक्त लाया गया है जब सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती बनने का ढिंढोरा पीट रही है।

प्रियंका ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान को शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बीजेपी जिस समय महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने का ढिंढोरा पीट रही है उसी दौरान (सरकार) नागरिकता संशोधन विधेयक जैसा भेदभावपूर्ण व संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला विधेयक लाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी के विभाजनकारी मंसूबों के ख़िलाफ कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी।’’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद से नागरिकता संशोधन विधेयक के पारित होने को भारत के संवैधानिक इतिहास का ‘काला दिन’ करार देते हुए बुधवार को एक बयान में कहा था कि यह उस भारत की सोच को चुनौती है जिसके लिए राष्ट्र निर्माता लड़े थे।

गौरतलब है कि राज्यसभा ने बुधवार को नागरिकता संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान की। लोकसभा ने सोमवार रात इस विधेयक को मंजूरी दी थी। इस विधेयक में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने का पात्र बनाने का प्रावधान है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button