देश

मिशन 2022 को धार देने में जुटी कांग्रेस, प्रियंका ने रायबरेली में लगाई पाठशाला, संगठन को मजबूत करने पर जोर

मिशन 2022 को धार देने में जुटी कांग्रेस, प्रियंका ने रायबरेली में लगाई पाठशाला, संगठन को मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की नई टीम ‘मिशन 2022’ को धार देने और आगे की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में जुटेगी, जहां आज से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हो रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कार्यशाला में वरिष्ठ नेता नवनियुक्त पदाधिकारियों को बदले माहौल में काम करने का प्रशिक्षण देंगे। हालांकि इस पूरे कार्यक्रम से मीडिया को दूर रखा गया है।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया, “प्रियंका गांधी की कार्यशाला का मकसद ये है कि पार्टी जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक जोरदार तरीके से उठा सके।”

रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी प्रदेश की अपनी नई टीम के लिए कार्यशाला का आयोजन कर रही हैं, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और उनकी पूरी कार्यकारिणी शामिल होगी। कार्यशाला में एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष की टीम को अनुशासन के साथ विपक्षी दलों से दो-दो हाथ करने के गुर सिखाएंगे। कार्यशाला का मकसद संगठन को किस तरह मजबूत करना है।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी लगातार प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने में जुटी हैं। इसी क्रम में उन्होंने हाल ही में नए प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश के 51 जिलों में नए जिला और शहर अध्यक्ष की तैनाती की है। उनकी नई टीम में युवाओं को तवज्जो दी गई है।

ऐसा माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी रोड मैप पर चर्चा की जाएगी, साथ ही मजबूत संगठन की प्राथमिकता तय की जाएगी। कार्यशाला में जमीनी संगठन बनाने के लिए बाकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन निर्माण की रणनीति तय होगी कि संगठन को कैसे पूरे सूबे में मजबूत किया जाए। इसके अलावा इस कार्यशाला में विचारधारा, संस्कृति, संपर्क-संचार और दर्शन पर भी मंथन किया जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button