कोरोना वायरस : देश में 152 पहुंची संक्रमित लोगों की संख्या

कोरोना वायरस : देश में 152 पहुंची संक्रमित लोगों की संख्या
नई दिल्ली। चीन से फैले कोरोना वायरस (कोविड-19) ने दुनियाभर के 167 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। वायरस से ग्रस्त भारत में भी संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या 152 पहुंच गई है। नोएडा एक और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कोरोना के 2 नए मामले सामने आए हैं।

गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इंडोनेशिया से लौटे एक शख्स का सैंपल चार दिन पहले लिया गया था। और आज उसका टेस्ट पॉजिटिव आ गया है। उसे मंगलवार रात ही ग्रेटर नोएडा के GIMS में भर्ती कराया गया है। उसके घर और आस-पास के घरों को सैनिटाइज किया गया है।

वहीं बेंगलुरु से सामने आए केस में 6 मार्च को अमेरिका से लौटे 56 वर्षीय बुजुर्ग और स्पेन से लौटी 25 वर्षीय महिला शामिल है। फिलहाल दोनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने राज्य में नए मामलों की पुष्टि की। कर्नाटक में अब तक 13 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें एक की मौत हो चुकी है।

गौरतलब है की देशभर में बुधवार दोपहर तक कोरोना वायरस के 152 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें से सबसे अधिक महाराष्ट्र में है। महाराष्ट्र में 42 लोग वायरस से संक्रमित है। कर्नाटक, मुंबई और दिल्ली में एक-एक मौत हुई है। वहीं 14 संक्रमित लोगों की अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

Exit mobile version